योगी के जन्मदिन पर परिश्रम ने दिया सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
- Jaunpur Celebrates CM Yogi’s Birthday with Service Drive, Empowering 108 Beneficiaries
- 54 दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल,54 छात्राओं को साइकिल

प्रवेश कुमार पांडेय, नारद वार्ता संवाददाता, जौनपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिवस और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था परिश्रम ने जनसेवा, शिक्षा प्रोत्साहन और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। संस्था द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में 54 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल और 54 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई, जबकि अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मां सरस्वती के पूजन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 11 किलो के मावा केक का कटिंग कर जन्मोत्सव मनाया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।
पूर्व सांसद के.पी. सिंह ने बताया प्रेरणादायी प्रयास

मुख्य अतिथि पूर्व सांसद के.पी. सिंह ने कहा कि सामाजिक संस्था परिश्रम द्वारा किया जा रहा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस को जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना सराहनीय पहल है, जिससे समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और सेवा भावना का संदेश जाता है।
अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही लक्ष्य

संस्था के अध्यक्ष कृपाशंकर सिंह ने कहा कि परिश्रम संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और उनके जन्मदिवस पर जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित कर संस्थान ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का प्रयास किया है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
समाज के सहयोग से ही सफल होते हैं सेवा कार्य

संस्था के सचिव एडवोकेट अखिलेश चौबे ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम सफल होते हैं। उन्होंने भविष्य में भी सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने ट्राइसाइकिल और साइकिल प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साइकिल मिलने के बाद छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
साइकिल और ट्राइसाइकिल पाकर खिले लाभार्थियों के चेहरे
छात्राओं ने कहा कि अब विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। वहीं ट्राइसाइकिल प्राप्त कर दिव्यांगजन भावुक हो उठे और संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना की।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अतिथियों ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर देशभक्ति गीतों की मधुर धुनों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और उत्साह से सराबोर हो गया। नई ट्राइसाइकिलों पर सवार दिव्यांगजन और साइकिलों के साथ आगे बढ़ती छात्राओं का दृश्य उपस्थित लोगों के लिए भावुक और प्रेरणादायक रहा।
ये रहे कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख अतिथि
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, मछलीशहर भाजपा जिलाध्यक्ष अजय सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक जाफराबाद हरेन्द्र प्रसाद सिंह, पूर्व विधायक सुषमा पटेल, प्रदेश प्रवक्ता ओमप्रकाश सिंह, सतीश कुमार सिंह (पूर्व प्रत्याशी मल्हनी), सुनील यादव मम्मन, टीडी डिग्री कॉलेज के प्रबंधक राघवेंद्र सिंह, टीडी इंटर कॉलेज के प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह ‘माला’, टीडी इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल सत्य प्रकाश सिंह, नोनारी के बीजेपी के मंडल सचिव विवेकानंद पाण्डेय, समाजसेवी ऋतु राज सिंह छोटू, सत्येंद्र सिंह फंटू, खुटहन प्रमुख बृजेश यादव, रामपुर ब्लॉक प्रमुख राहुल सिंह, डोभी प्रमुख मुकेश सिंह, वीरेंद्र एडवोकेट, पूर्व जिला महामंत्री सुशील मिश्रा, पप्पू माली सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
