TrendingHealthInternationalताज़ाराजनीतिराष्ट्रीयशिक्षा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 53वें जन्मदिन पर जौनपुर में सेवा का उत्सव

Yogi Adityanath’s 53rd Birthday: Jaunpur to Distribute Cycles to 53 Girls and Tricycles to 53 Divyangs

  • 53 छात्राओं और 53 दिव्यांगों को मिलेगा लाभ
  • परिश्रम संस्था के आयोजन में वृक्षारोपण, साइकिल वितरण और जनसेवा के माध्यम से मनाया जाएगा मुख्यमंत्री का जन्मदिन

प्रवेश कुमार पांडेय, नारद वार्ता संवाददाता, जौनपुर: उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर परम पूज्य संत माननीय योगी आदित्यनाथ जी के 53वें जन्मदिन तथा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जौनपुर में सेवा, समर्पण और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। सामाजिक संस्था परिश्रम द्वारा 5 जून 2026 को प्रातः 7 बजे तिलकधारी इंटर कॉलेज स्थित मार्कण्डेय सिंह सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें समाज के जरूरतमंद वर्गों के बीच सेवा कार्य किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 53वें जन्मदिवस को जनसेवा से जोड़ते हुए संस्था द्वारा 53 छात्राओं को साइकिल वितरित की जाएगी, ताकि शिक्षा प्राप्त करने में उन्हें आने वाली कठिनाइयों को कम किया जा सके। वहीं 53 दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को सुगम बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित होगा, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया जाएगा।

परिश्रम के अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह ने कहा ,’मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, गौ संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिन को जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जोड़कर मनाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धा व्यक्त करने का सर्वोत्तम माध्यम है।’

उन्होंने आगे कहा कि योगी आदित्यनाथ जी का जीवन करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने शासन और सेवा को एक साथ जोड़कर जनकल्याण का नया मॉडल प्रस्तुत किया है। उनके जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा के अवसर के रूप में मनाया जाना चाहिए। इसी भावना के साथ 53 छात्राओं को साइकिल और 53 दिव्यांग भाइयों-बहनों को ट्राई साइकिल भेंट की जा रही है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए वृक्षारोपण भी किया जाएगा।

परिश्रम के सचिव एडवोकेट अखिलेश चौबे ने कहा,’मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उनके 53वें जन्मदिन पर 53 छात्राओं और 53 दिव्यांगजनों को लाभान्वित करने का निर्णय उनके सेवा भाव और समाज के प्रति समर्पण को आगे बढ़ाने का प्रयास है। हमें विश्वास है कि यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व की नई प्रेरणा देगा।’

कार्यक्रम में जिले के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। संस्था ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सेवा और पर्यावरण संरक्षण अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस को समाज सेवा, दिव्यांग सहायता, छात्राओं के सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की यह पहल जौनपुर में एक प्रेरणादायी उदाहरण के रूप में देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *