प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को मिलेगा लाभ
- ग्राम सभा की खुली बैठक में ग्रामीणों को दी गई योजना और सर्वेक्षण की जानकारी, सहयोग की अपील

नारद वार्ता संवाददाता, जौनपुर
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत वर्ष 2024 के सर्वेक्षण को लेकर विकास खंड रामपुर की ग्राम पंचायत आकोपुर में ग्राम सभा की खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पात्र परिवारों की पहचान सुनिश्चित कर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाना था। इस दौरान ग्रामीणों को सर्वेक्षण प्रक्रिया, पात्रता की शर्तों तथा आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में ग्राम विकास अधिकारी आकाश यादव एवं पंचायत सहायक पूजा ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास सर्वेक्षण का कार्य पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण में पात्र पाए जाने वाले सभी परिवारों का नाम नियमानुसार शामिल किया जाएगा, ताकि योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने आवास योजना से जुड़े विभिन्न प्रश्न और समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कुछ ग्रामीणों ने पूर्व की सूची में नाम शामिल नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। इस पर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वर्तमान सर्वेक्षण के दौरान सभी पात्र परिवारों का नियमानुसार सत्यापन किया जा रहा है और पात्रता के आधार पर उन्हें योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा सर्वेक्षण टीम को आवश्यक सहयोग दें, जिससे किसी भी पात्र परिवार का नाम छूटने न पाए। उन्होंने बताया कि पारदर्शी सर्वेक्षण के माध्यम से वास्तविक लाभार्थियों का चयन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में प्रवेश विवेकानंद पांडेय, आशीष पांडेय, हरिनाथ बनवासी, छोटेलाल बनवासी, खुशबू, शशि गौतम, अजीत यादव, सुरेंद्र गौतम, श्यामलाल प्रजापति, धीरज प्रजापति, सूरज प्रजापति, नगीना, मालती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
