TrendingWorldतकनीकीताज़ामहाराष्ट्रराजनीतिराष्ट्रीय

मुंबई में प्रवासियों की समस्याएं सुनने नियमित रूप से आएंगे यूपी के मंत्री!

  • महाराष्ट्र दिवस पर दादर में आयोजित कार्यक्रम में यूपी के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ने प्रवासी उत्तर प्रदेश वासियों से किया संवाद
  • महाराष्ट्र की वीर भूमि और उत्तर प्रदेश के साथ प्राचीन रिश्ते को किया नमन

Narad Varta, नारद वार्ता संवाददाता, मुंबई: उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने मुंबई की उत्तर भारतीय समाज की वर्षों पुरानी पीड़ा को न सिर्फ समझा, बल्कि उसके समाधान की ठोस कदम को लेकर आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा, ‘आपकी पीड़ा मेरी अपनी है। मैं आप सबकी मुंबई में उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से रेजिडेंट कमिश्नर नियुक्त करने की मांग को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखूंगा और प्रयास करूंगा कि मुंबई में उत्तर प्रदेश का एक अधिकृत प्रतिनिधि उपलब्ध हो, जो प्रवासी उत्तर भारतीयों की हर समस्या का समाधान यहीं मुंबई में सुनिश्चित करे।” वे शुक्रवार को महाराष्ट्र दिवस के उपलक्ष्य में मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमरजीत मिश्र की तरफ से दादर स्थित वसंत स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। इस अवसर पर मुंबई और सटे उपनगरों से बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय समाज के लोग उपस्थित थे।

मंत्री मिश्र ने महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के साझा सांस्कृतिक रिश्तों की स्मरण करते हुए कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक से लेकर काशी में जन्मी रानी लक्ष्मीबाई तक, दोनों राज्यों का इतिहास हमें जोड़ता है। महाराष्ट्र की धरती को नमन करते हुए मैं यह कहना चाहता हूं कि उत्तर भारतीय समाज इस भूमि का अभिन्न हिस्सा है और हम उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।”

कार्यक्रम के दौरान जब प्रवासी उत्तर प्रदेश वासियों ने यह मांग दोहराई कि मुंबई में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एक आवासीय आयुक्त (रेज़िडेंट कमिश्नर) की नियुक्ति की जाए, ताकि प्रवासियों को अपने गांव से जुड़ी समस्याओं के लिए उत्तर प्रदेश न जाना पड़े, तो मंत्री दयालु ने इसे पूरी तरह उचित बताया। इतना ही नहीं, मंत्री दयालु ने एक और भरोसा देते हुए कहा, ‘हम यह भी प्रयास करेंगे कि एक निश्चित समय अंतराल पर उत्तर प्रदेश सरकार का कोई मंत्री मुंबई आए और यहां रहकर उत्तर भारतीय समाज की समस्याएं सुने और उनका हल करे। यह सिर्फ व्यवस्था नहीं, उत्तर प्रदेश के हर प्रवासी के सम्मान की बात है।’

कार्यक्रम के संयोजक मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र ने कहा कि उत्तर भारतीय समाज ने महाराष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, लेकिन उन्हें अपने पैतृक गांवों से जुड़ी समस्याओं के लिए सालों से संघर्ष करना पड़ रहा है। महाराष्ट्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री दयालु ने जिस तरह से प्रवासी उत्तर प्रदेश वासियों को आश्वासन दिया है, उम्मीद है कि वह बहुत जल्दी ही फलीभूत होगा।

एक भारत श्रेष्ठ भारत संकल्पना के अनुरूप है यह कार्यक्रम

अमरजीत मिश्र ने कहा कि उत्तर भारतीय समाज ने मुंबई को श्रम, संस्कृति और संघर्ष से सींचा है। उन्होंने महाराष्ट्र दिवस पर यूपी के मंत्री दयालु के शामिल होने को पीएम मोदी के एक भारत श्रेष्ठ भारत संकल्पना के अनुरूप बताया।

बीजेपी झोपड़पट्टी मोर्चा के अध्यक्ष आर. डी. यादव और अपना पूर्वांचल महासभा के प्रवक्ता अनिल कन्नौजिया ने भी अपनी बात रखते हुए प्रवासियों के लिए विशेष कार्यालय और सेवा केंद्रों की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र दिवस के मौके पर यह संवाद एक औपचारिक कार्यक्रम भर नहीं था, बल्कि वह पुल था जो शासन और प्रवासी समाज के बीच विश्वास, अपनत्व और संवाद की राह खोलता है। इस अवसर पर अपना पूर्वांचल महासभा के राष्ट्रीय सचिव आर पी मिश्र, विनय दुबे, रंजीत सिंह, प्रदीप त्रिपाठी, रमाकान्त गुप्ता, लालबहादुर यादव, प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता शैलेश पांडेय, राकेश सिंह, संतोष दीक्षित, घनश्याम मौर्या समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *