ताज़ा

हाजी अली में 2,000 गाड़ियों की क्षमता वाला पार्किंग प्लाजा बनेगा

  • मुंबई के ₹2 लाख करोड़ के विकास कार्यों की समीक्षा, मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिए निर्देश
  • प्रस्तावित परियोजनाओं के टेंडर एक महीने में पूरे करने का आदेश
  • बीएमसी की नाले सफाई में AI तकनीक का होगा इस्तेमाल
  • Mumbai’s ₹2 Lakh Crore Development Projects Reviewed, CM Fadnavis Issues Key Directives

संतोष दुबे, नारद वार्ता संवाददाता, मुंबई: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई महानगरपालिका (BMC) द्वारा संचालित ₹1.41 लाख करोड़ की मौजूदा और ₹25 हजार करोड़ की प्रस्तावित विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं की समयसीमा का पालन करने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। विधान भवन में हुई बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, नगर विकास राज्यमंत्री माधुरी मिसाल, बीएमसी आयुक्त भूषण गगराणी, नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव असीम गुप्ता, राजस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव राजेश कुमार, वन विभाग के अपर मुख्य सचिव मिलिंद म्हैसकर, बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने निर्देश दिया कि छत्रपति संभाजी महाराज समुद्री मार्ग के पास हाजी अली क्षेत्र में 2,000 वाहनों की क्षमता वाला पार्किंग प्लाजा विकसित किया जाए। यह पार्किंग सुविधा मुंबई में बढ़ते ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या को कम करने में मददगार होगी। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इस परियोजना को जल्द शुरू करने के आदेश दिए हैं।

बीएमसी की नाले सफाई में AI तकनीक का होगा इस्तेमाल

मुख्यमंत्री फडणवीस ने निर्देश दिया कि बीएमसी द्वारा किए जाने वाले नाले सफाई कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का उपयोग किया जाए ताकि यह प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पारदर्शी हो। AI तकनीक से सफाई कार्यों की निगरानी बेहतर तरीके से की जा सकेगी और किसी भी अनियमितता को तुरंत रोका जा सकेगा।

सड़क और पुल परियोजनाओं की समीक्षा

बीएमसी आयुक्त भूषण गगराणी ने बैठक में प्रजेंटेशन के जरिए विकास कार्यों की जानकारी दी। इसमें प्रमुख रूप से 700 किमी सड़कों के कंक्रीटाइजेशन, वर्सोवा-भायंदर समुद्री लिंक रोड, गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड, गोखले ब्रिज, विक्रोली ब्रिज, कर्नाक ब्रिज, सायन ब्रिज, मढ़-वर्सोवा ब्रिज जैसे प्रोजेक्ट शामिल रहे।

जल आपूर्ति और सीवेज ट्रीटमेंट परियोजनाएं

– दहीसर, पोइसर, ओशिवरा और मिठी नदी पुनर्जीवन परियोजना

– वर्सोवा, मालाड, भांडुप, घाटकोपर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट

– वर्सोवा सीवेज टनल, मिठी नदी पैकेज मलजल टनल

खड्डामुक्त मुंबई के लिए तेजी से पूरा करें सड़क निर्माण: एकनाथ शिंदे

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि बीएमसी 700 किमी सड़कों के कंक्रीटाइजेशन पर काम कर रही है और इसके पूरा होने पर मुंबई में 2,000 किमी सड़कें कंक्रीट की होंगी। उन्होंने मानसून से पहले सभी सड़क कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।

मुंबई के भविष्य के लिए गारगाई जल परियोजना महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई की जल आपूर्ति के लिए गारगाई जल परियोजना अहम है। इसके लिए पुनर्वास प्रक्रिया और अन्य कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *