महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह का दावा: 2027 में भाजपा 2022 से ज्यादा सीटें जीतेगी, यूपी में फिर बनेगी सरकार

प्रीती पांडेय, नारद वार्ता, मुंबई

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिं ने दावा किया है कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी दल 2022 के मुकाबले ज्यादा सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास और कानून-व्यवस्था में बदलाव जनता को दिखाई दे रहा है और भाजपा का संगठन चुनाव के लिए सक्रिय है।

सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027, भाजपा की चुनावी रणनीति, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व, विनोद तावड़े की भूमिका और जौनपुर के विकास समेत महाराष्ट्र के राजनीतिक एवं सामाजिक मुद्दों पर बातचीत की।

2027 में 2022 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा

सिंह ने कहा कि भाजपा के सांसद, विधायक और संभावित उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय हैं। उनका दावा है कि 2027 में भाजपा और उसके सहयोगी दल 2022 से अधिक सीटों के साथ सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में बिजली, सड़क, कानून-व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं में सुधार हुआ है। जनता ने विकास और कानून-व्यवस्था में बदलाव महसूस किया है।

विनोद तावड़े की रणनीति पर भरोसा

उत्तर प्रदेश के भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े को लेकर कृपाशंकर सिंह ने कहा कि उन्हें संगठन और चुनावी राजनीति का लंबा अनुभव है। उनके मुताबिक उत्तर प्रदेश जैसे बड़े और महत्वपूर्ण राज्य में तावड़े की रणनीतिक क्षमता भाजपा के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कुशल रणनीतिकार बताते हुए कहा कि पार्टी के पास मजबूत संगठन और चुनावी रणनीति है। बिहार और पश्चिम बंगाल में एनडीए की सफलता का लाभ भी उत्तर प्रदेश में मिलने की उम्मीद उन्होंने जताई।

जौनपुर में टेक्सटाइल हब बनाने का लक्ष्य

सिंह ने कहा कि चुनाव हारना उनके लिए जनता से दूर होने का कारण नहीं है। जौनपुर में टेक्सटाइल हब बनाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि यह योजना आगे बढ़ती है तो जौनपुर के साथ आसपास के करीब आठ जिलों के किसानों, व्यापारियों और युवाओं को रोजगार और कारोबार के अवसर मिल सकते हैं।

2027 में चुनाव लड़ेंगे या नहीं?

2027 के विधानसभा चुनाव में खुद चुनाव लड़ने के सवाल पर कृपाशंकर सिंह ने कहा कि उन्होंने टिकट नहीं मांगा है। हालांकि, पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का आदेश उनके लिए अध्यादेश के समान है।

महाराष्ट्र में फडणवीस सरकार की तारीफ

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार की तारीफ करते हुए सिंह ने कहा कि सरकार विकास और जनहित के मुद्दों पर अच्छा काम कर रही है। महाराष्ट्र को आगे ले जाने की दिशा सही है।

मराठी भाषा पर क्या बोले कृपाशंकर सिंह?

मराठी भाषा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि हर भाषा का सम्मान होना चाहिए। मराठी सीखना अच्छी बात है, लेकिन किसी भाषा को किसी पर थोपना या सख्ती से लागू करना उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से रिक्शा और टैक्सी चालकों को मराठी सीखने के लिए अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया है।

Exit mobile version