- भाजपा के लिए किया धुआंधार प्रचार
- बंगाल चुनाव के अंतिम चरण में भाजपा ने झोंकी ताकत
- कृपाशंकर बोले—जनता बदलाव के मूड में
प्रीती पांडेय, कोलकाता/जौनपुर
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी मुहिम तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा के महाराष्ट्र उपाध्यक्ष और पूर्व गृहराज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने दक्षिण हावड़ा में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जोरदार प्रचार करते हुए दावा किया कि 4 मई के बाद पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार की विदाई तय है।
दक्षिण हावड़ा विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी श्यामल हाटी और उत्तर-दक्षिण हावड़ा से उमेश राय के समर्थन में जनसंपर्क अभियान के दौरान कृपाशंकर सिंह ने कहा कि राज्य की जनता अब तृणमूल कांग्रेस सरकार के कथित भ्रष्टाचार, अत्याचार और अव्यवस्था से परेशान हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बंगाल में परिवर्तन की लहर है और इस बार “कमल” खिलना निश्चित है।
‘बंगाल अब जंगलराज नहीं, विकास चाहता है’
कृपाशंकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पश्चिम बंगाल कई वर्षों से विकास की दौड़ में पीछे छूट गया है और अब जनता राज्य को नई दिशा देना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनने पर बंगाल को तेज विकास और बेहतर प्रशासन मिलेगा।
हिंदीभाषी वोटरों पर भाजपा की नजर
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, भाजपा बंगाल चुनाव में हिंदीभाषी और पूर्वांचली मतदाताओं को साधने के लिए बाहरी राज्यों के प्रभावशाली नेताओं को प्रचार में उतार रही है। कृपाशंकर सिंह की सभाओं को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
चुनावी माहौल हुआ और गर्म
कृपाशंकर सिंह के लगातार प्रचार अभियान से दक्षिण हावड़ा और आसपास के क्षेत्रों में चुनावी माहौल और गरमा गया है। भाजपा इसे अपने पक्ष में बन रहे माहौल का संकेत बता रही है, जबकि विपक्ष इसे चुनावी बयानबाजी करार दे रहा है।इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय शंकर दुबे, सुशील मिश्रा, राजेश सिंह, सुभाष घोष और मुकेश समेत कई स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
