उत्तर प्रदेश की अस्मिता का स्वर्णिम युग, योगी सरकार के आठ वर्ष पूरे, मुंबई भाजपा नेता अमरजीत मिश्र ने लखनऊ में किया अभिनंदन
- Golden Era of Uttar Pradesh’s Identity: 8 Glorious Years of Yogi Government, Mumbai BJP Leader Amarjeet Mishra Felicitates CM in Lucknow
नारद वार्ता संवाददाता, लखनऊ /मुंबई:
उत्तर प्रदेश ने बीते आठ वर्षों में जो आध्यात्मिक, सामाजिक व आर्थिक यात्रा तय की है, वह अंत्योदय से सर्वोदय तक का प्रेरक पथ बन चुकी है। संकष्टी चतुर्थी के पावन अवसर पर मुंबई भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व महाराष्ट्र के पूर्व राज्य मंत्री अमरजीत मिश्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर उन्हें शाल ओढ़ाकर व सिद्धिविनायक गणेश जी की प्रतिमा भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
मुंबई से दो दिवसीय निजी प्रवास पर लखनऊ पहुंचे भाजपा नेता अमरजीत मिश्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने योगी के नेतृत्व में बीते आठ वर्षों की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताया। मिश्र ने इसे उत्तर प्रदेश के आर्थिक और आध्यात्मिक पुनर्जागरण का कालखंड बताया और कहा कि यह उत्तर प्रदेश की अस्मिता का स्वर्णिम युग है।
उन्होंने कहा, “देश में आज उत्तर प्रदेश का भाल चमक रहा है और इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाता है जिन्होंने न सिर्फ प्रशासनिक व्यवस्था में अनुशासन लाया, बल्कि प्रदेश को आत्मविश्वास से भर दिया।”
टैक्स कलेक्शन में भी यूपी आज दूसरे स्थान पर
मिश्र ने बताया कि 2017 में जब योगी आदित्यनाथ ने सत्ता संभाली, तब प्रदेश देश में आठवें पायदान पर था। आज उत्तर प्रदेश 27.5 लाख करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था के साथ देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। भारतीय रिज़र्व बैंक के अनुसार, टैक्स कलेक्शन में भी यूपी आज दूसरे स्थान पर है, और बीते पांच वर्षों से यह एक रेवेन्यू सरप्लस राज्य बना हुआ है।
अमरजीत मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने शासन और प्रशासन की कार्यसंस्कृति को ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही से जोड़ते हुए एक नये उत्तर प्रदेश की नींव रखी है। पहले जो प्रदेश कर चोरी के लिए जाना जाता था, वही आज टैक्स सरप्लस राज्य के रूप में देश को प्रेरणा दे रहा है।
योगी सरकार ने प्रदेश ने किया आध्यात्मिक चेतना को पुनर्जीवित
संकष्टी चतुर्थी के दिन की गई यह मुलाकात महज राजनीतिक नहीं थी, बल्कि उत्तर प्रदेश के आध्यात्मिक उत्थान का प्रतीक बन गई। योगी सरकार ने प्रदेश में धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक गौरव और आध्यात्मिक चेतना को पुनर्जीवित किया है – चाहे वह अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि का भव्य निर्माण हो या काशी की दिव्यता का पुनर्प्रतिष्ठान।
औद्योगिक घरानों को है योगी के प्रशासन पर भरोसा
मिश्र ने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी की नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता के कारण देश के औद्योगिक घराने उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए आगे आ रहे हैं। मुंबई, दिल्ली और अन्य बड़े नगरों के उद्योगपति इस बदलाव का हिस्सा बनने को तत्पर हैं।