Environment is Development; Conservation is Essential for a Sustainable Future: Governor Jishnu Dev Varma
- ‘नमस्कार भूमि 2’ अभियान का शुभारंभ, मुख्यमंत्री फडणवीस ने वीडियो संदेश से दी शुभकामनाएं

प्रीती पांडेय, नारद वार्ता संवाददाता, मुंबई:
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर मुंबई के बांद्रा स्थित कार्टर रोड एम्फीथिएटर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने पर्यावरण संरक्षण को शाश्वत विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि आज के दौर में पर्यावरण और विकास एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण ही विकास है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए पर्यावरण संवर्धन समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है।
पर्यावरण संरक्षण सामाजिक न्याय का भी विषय
राज्यपाल ने कहा कि पहले पर्यावरण या विकास’ को लेकर बहस होती थी, लेकिन आज पूरी दुनिया शाश्वत विकास की अवधारणा को स्वीकार कर चुकी है। पर्यावरणीय असंतुलन का सबसे अधिक प्रभाव गरीब और कमजोर वर्गों पर पड़ता है। इसलिए पर्यावरण संरक्षण केवल प्राकृतिक संसाधनों को बचाने का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय से भी जुड़ा हुआ है।
‘प्रकृति देवो भव’ भारतीय संस्कृति की मूल भावना
अपने संबोधन में राज्यपाल वर्मा ने कहा कि उन्होंने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत एक पर्यावरण कार्यकर्ता के रूप में की थी। उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति में ‘प्रकृति देवो भव’ की भावना गहराई से समाई हुई है। भारतीय परंपरा में प्रकृति को देवतुल्य माना गया है और उसका संरक्षण प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
पर्यावरण को चर्चा नहीं, जनआंदोलन बनाने की जरूरत
राज्यपाल ने कहा कि पर्यावरण के मुद्दे को केवल संगोष्ठियों और चर्चाओं तक सीमित नहीं रखा जा सकता। इसे जनभागीदारी से जोड़कर व्यवहार में उतारना होगा। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को राष्ट्रसेवा और भावी पीढ़ियों के प्रति दायित्व के रूप में देखने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री फडणवीस का संदेश
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वीडियो संदेश के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मानवता के शाश्वत भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भामला फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास लोगों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से वृक्षारोपण, प्रदूषण नियंत्रण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
‘नमस्कार भूमि 2’ अभियान की शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने ‘नमस्कार भूमि 2’ पर्यावरण जनजागरण अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर अभियान के लिए तैयार किए गए प्रेरक गीत का भी लोकार्पण किया गया। राज्यपाल ने भामला फाउंडेशन द्वारा निर्मित ‘भूमि नमस्कार’ गीत की सराहना करते हुए कहा कि यह पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली का दिया संदेश
कार्यक्रम में प्लास्टिक प्रदूषण मुक्त और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभिन्न संस्थाओं और व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी क्षेत्रों को आगे आने का आह्वान
राज्यपाल ने कलाकारों, लेखकों, खिलाड़ियों, संगीतकारों, उद्योगपतियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समाज के प्रभावशाली वर्गों से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है।
कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
कार्यक्रम में विधायक सचिन अहिर, मेवाड़ के श्रीजी लक्षप्रताप महाराज, महाराष्ट्र राज्य विकास महामंडल के अनिल गायकवाड, राज्यपाल के सहसचिव एस. राममूर्ति, आध्यात्मिक गुरु गौर गोपाल दास, अभिनेता सोनू सूद, गायक शंकर महादेवन, अभिनेत्री मलायका अरोड़ा, रूपा गांगुली, गायक बादशाह, संगीतकार हिमेश रेशमिया, गायिका नेहा कक्कड़, सीमा सिंह, विजय कारिया तथा भामला फाउंडेशन के संस्थापक आसिफ भामला सहित विभिन्न क्षेत्रों की अनेक हस्तियां उपस्थित रहीं।