“हजारों कन्याओं को वरदान देने वाले हाथ थम गए, स्व. चंद्रशेखर आर. शुक्ल की शोक सभा में श्रद्धांजलि देने जुटेगा पूरा मुंबई का हिंदी समाज”
Narad Varta, नारद वार्ता संवाददाता, मुंबई: सामाजिक सेवा, जनकल्याण और रामलीला परंपरा के पथ-प्रदर्शक रहे स्व. चंद्रशेखर आर. शुक्ल की याद में शनिवार, 26 अप्रैल को एक शोक सभा का आयोजन घाटकोपर पूर्व में किया गया है। गरोडिया नगर स्थित लायंस क्लब ऑफ घाटकोपर में शाम 4 बजे से 6 बजे के बीच स्व. शुक्ल को भावभीनी श्रद्धांजलि और उनके समाज कार्यों को याद करने मुंबई का हिंदी भाषी समाज जुटेगा।
समाज के सच्चे सेवक रहे स्व. शुक्ल ने न केवल हजारों निर्धन कन्याओं के विवाह करवाए, बल्कि रामलीला उत्सव समिति और लोकाधिकार सेवा समिति जैसे सामाजिक संगठनों के माध्यम से वर्षों तक लोगों की सेवा की। उनकी कर्मभूमि में अब उन्हें अंतिम श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए लोग शनिवार को जुट हो रहे हैं। इस अवसर पर स्व. शुक्ल के ज्येष्ठ सुपुत्र एवं समिति अध्यक्ष प्रभाकर शुक्ल ‘रिंकू’, छोटे सुपुत्र प्रशांत शुक्ल, ब्लॉक प्रमुख राहुल शुक्ल सहित परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहेंगे। समिति के सचिव दिवाकर मिश्र, कोषाध्यक्ष एस. पी. सिंह और आदेश मिश्र ने समस्त शुभचिंतकों, समर्थकों एवं समाजसेवियों से विनम्र निवेदन किया है कि वे समय पर उपस्थित होकर स्वर्गीय शुक्ल को श्रद्धांजलि अर्पित करें।