- पु. ल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी के नवनिर्मित संकुल का मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया लोकार्पण
- CM Devendra Fadnavis inaugurates the newly renovated Pu. La. Deshpande Maharashtra Kala Academy
प्रीती पांडेय, नारद वार्ता संवाददाता: महाराष्ट्र के सांस्कृतिक इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सुप्रसिद्ध साहित्यकार और हास्यकार पु. ल. देशपांडे को राज्य का “हैप्पीनेस इंडेक्स” बताते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उनकी लेखनी, भाषा शैली और हास्यबुद्धि समाज को आनंद प्रदान करती है। महाराष्ट्र की संस्कृति, भाषा, संगीत और कला को समृद्ध बनाने में मराठी कलाकारों ने विशेष योगदान दिया है। संगीत में लता मंगेशकर, भीमसेन जोशी, आशा भोसले, रंगमंच और सिनेमा में डॉ. श्रीराम लागू, निलू फुले, साहित्य में वि. स. खांडेकर, पु. ल. देशपांडे और लोककला एवं संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन में अण्णाभाऊ साठे जैसे महान कलाकारों ने अपनी छाप छोड़ी है। मुख्यमंत्री श्री फडणवीस ने यह विचार आज पु. ल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी के नवनिर्मित संकुल के उद्घाटन के अवसर पर व्यक्त किए। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशिष शेलार, सार्वजनिक बांधकाम मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले, विधायक कालिदास कोलंबकर, भाई गिरकर, अपर मुख्य सचिव विकास खरगे और अकादमी की संचालिका मीनल जोगलेकर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने किया मराठी रंगमंच की समृद्धि का उल्लेख
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मराठी नाटक और सिनेमा को जनता का अपार प्रेम मिला है। महाराष्ट्र के कलाकारों ने अपनी कला, साहित्य और संस्कृति के माध्यम से समाज को समृद्ध किया है। पु. ल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी जैसी भव्य संरचनाएँ भविष्य में और भी बनाई जाएंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह अकादमी आने वाले समय में कला और संस्कृति के संवर्धन का केंद्र बनेगी।
उपमुख्यमंत्री पवार ने दी कला क्षेत्र को निधि देने की गारंटी
उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि राज्य सरकार ने कम समय में इस अकादमी और नाट्यगृह के नवीनीकरण का कार्य पूरा किया है। गांव-गांव में स्थित नाट्यगृहों की स्थिति में सुधार के लिए सरकार आवश्यक निधि उपलब्ध कराएगी, जिससे कला और संस्कृति को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।
आंतरराष्ट्रीय मराठी चित्रपट महोत्सव की घोषणा सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशिष शेलार ने इस अवसर पर घोषणा की कि “आंतरराष्ट्रीय मराठी चित्रपट महोत्सव” 21 से 24 अप्रैल 2025 के बीच पु. ल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अकादमी कलाकारों के साधना स्थल की तरह है, जहां पवित्रता और गुणवत्ता का हमेशा ध्यान रखा जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया, मिनी थिएटर का उद्घाटन किया और पु. ल. कला अकादमी का घंटानाद कर इसका लोकार्पण किया।
नवनिर्मित संकुल की प्रमुख विशेषताएँ
- रवींद्र नाट्य मंदिर की पुरानी इमारत को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
- अत्याधुनिक सभागृह, खुले नाट्यगृह, नॅनो सभागृह, ऑडियो-विजुअल स्टूडियो और एडिटिंग सूट्स का निर्माण।
- लघु नाट्यगृह में डॉल्बी एटमॉस ध्वनि प्रणाली और फिल्म प्रदर्शन की व्यवस्था।
- अकादमी में वादन कक्ष, सृजन कक्ष और पु. ल. देशपांडे का स्मृतिदालन स्थापित किया गया।
- नवोदित कलाकारों के लिए 20 नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए।
- जहांगीर आर्ट गैलरी के स्तर की एक आर्ट गैलरी भी यहां उपलब्ध कराई गई।
- मराठी फिल्मों की स्क्रीनिंग के लिए विशेष व्यवस्था।
- रवींद्र नाट्य मंदिर को देश के शीर्ष थिएटरों में शामिल किया गया। यह संकुल महाराष्ट्र के कलाकारों और सांस्कृतिक प्रेमियों के लिए एक नई सौगात है, जहां नाट्य, संगीत, कला और साहित्य की विरासत को सहेजने के लिए आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।