महाराष्ट्रInternationalNewsbeatTrendingWorldताज़ाराजनीतिराष्ट्रीय

दहीहंडी की उड़ान अब ओलंपिक तक! CM फडणवीस का बड़ा ऐलान, एशियाड-कॉमनवेल्थ में भी पहुंचाने की तैयारी

प्रो गोविंदा लीग-4 का आगाज; 16 टीमों के 3,200 गोविंदाओं की ताकत और टीमवर्क का मुकाबला, 1.60 लाख गोविंदाओं को बीमा सुरक्षा

रागिनी पांडेय, नारद वार्ता, मुंबई:

महाराष्ट्र की पारंपरिक दहीहंडी अब त्योहार के साथ अंतरराष्ट्रीय खेल बनने की दिशा में बढ़ रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य सरकार दहीहंडी के ‘प्रो गोविंदा’ खेल को अखिल भारतीय स्तर पर मान्यता दिलाने का प्रयास करेगी। इसके बाद इसे एशियाड, कॉमनवेल्थ और आगे ओलंपिक तक ले जाने की दिशा में काम किया जाएगा।

वरली के एसवीपी स्टेडियम में प्रो गोविंदा लीग-2026 सीजन-4 के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि गोविंदा महाराष्ट्र और मुंबई की पहचान हैं। प्रो गोविंदा लीग ने इस पारंपरिक खेल को आधुनिक और व्यावसायिक स्वरूप देकर देश-दुनिया तक पहुंचाने का काम किया है।

त्योहार से खेल तक बदल रहा दहीहंडी का सफर

फडणवीस ने कहा कि दहीहंडी केवल उत्सव नहीं है। इसमें साहस, संतुलन, अनुशासन, टीमवर्क और एक-दूसरे पर भरोसे की भावना शामिल है। गोविंदाओं द्वारा एक-दूसरे को सहारा देकर मानव पिरामिड बनाना समाज की एकता और सामूहिक शक्ति का प्रतीक है।

राज्य सरकार अब इस खेल को भारतीय ओलंपिक संघ और संबंधित खेल संगठनों से मान्यता दिलाने की दिशा में प्रयास करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके बाद इसे एशियाड, कॉमनवेल्थ और अंततः ओलंपिक तक पहुंचाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

3,200 गोविंदाओं की होगी जोरदार टक्कर

प्रो गोविंदा लीग के चौथे सीजन में 16 टीमों के 3,200 गोविंदा हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिन चलने वाली इस प्रतियोगिता में गोविंदाओं की ताकत, संतुलन, गति, तालमेल और टीमवर्क की परीक्षा होगी।

1.60 लाख गोविंदाओं को बीमा सुरक्षा

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने दहीहंडी यानी प्रो गोविंदा को साहसी खेल का दर्जा दिया है। वर्ष 2023 से गोविंदाओं को बीमा सुरक्षा दी जा रही है। इस वर्ष सरकार ने बीमा कवरेज बढ़ाकर 1.60 लाख गोविंदाओं तक करने का निर्णय लिया है।

दहीहंडी में छिपा है एकता का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि दहीहंडी समाज को जोड़ने वाली परंपरा है। गोविंदाओं की मानव श्रृंखला यह संदेश देती है कि एकजुट होकर बड़ी से बड़ी चुनौती को पार किया जा सकता है। यही भावना इस पारंपरिक खेल को आधुनिक खेल के रूप में नई पहचान दे सकती है।उद्घाटन समारोह में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, मुंबई की महापौर रितू तावडे, विधायक रणजीत पाटील, प्रो गोविंदा लीग के अध्यक्ष पूर्वेश सरनाईक और शायना एन.सी. सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

दही हांडी में टीमवर्क और एकजुटता की ताकत दिखाई देती है। इस पारंपरिक और साहसिक खेल को वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए प्रयास होने चाहिए। सरकार ऐसे प्रयासों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। सभी गोविंदाओं को मेरी शुभकामनाएं हैं। – देवेंद्र फडणवीस, मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *