ताज़ा

मुंबई की कंपनी सनराज ग्रुप यूपी में लगाएगी ₹2000 करोड़

  • कैंसर अस्पताल और डेटा सेंटर की योजना
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद घोषणा
  • हेल्थकेयर और टेक्नोलॉजी क्षेत्र में बड़ा निवेश
  • Mumbai-based SanRaj Group to invest ₹2,000 crore in UP, plans cancer hospital and data centre

प्रवेश कुमार पांडेय, लखनऊ / मुंबई:

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से जुड़ी कंपनी सनराज ग्रुप उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य और टेक्नोलॉजी क्षेत्र में बड़ा निवेश करने जा रही है। कंपनी ने राज्य में करीब ₹2000 करोड़ के निवेश की योजना बनाई है, जिसके तहत कैंसर अस्पताल, 10 मेगावाट डेटा सेंटर और हॉस्पिटैलिटी प्रोजेक्ट स्थापित किए जाएंगे। इस निवेश को उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

गुरुवार को सनराज ग्रुप के सह-संस्थापक राजदीप गुप्ता और कंपनी के प्रतिनिधि राहुल पांडेय समेत अन्य अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान राज्य में प्रस्तावित परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई और निवेश से जुड़ी संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य सरकार की इन्वेस्ट यूपी पहल का उल्लेख करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि कंपनी की परियोजनाओं से संबंधित सभी आवश्यक अनुमतियां सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से तेजी से पूरी की जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के लिए सरकार लगातार प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बना रही है।

सनराज ग्रुप के अनुसार, इस निवेश का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्नोलॉजी और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सामाजिक योगदान देना भी है। कंपनी का मानना है कि उत्तर प्रदेश तेजी से विकास और निवेश के नए दौर में प्रवेश कर रहा है और ऐसे समय में राज्य के विकास की इस यात्रा का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है।

कंपनी के सह-संस्थापक राजदीप गुप्ता ने बताया कि सनराज ग्रुप हेल्थकेयर, डेटा सेंटर और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश करेगा। प्रस्तावित कैंसर अस्पताल का उद्देश्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को आधुनिक और सुलभ उपचार उपलब्ध कराना है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना शुरू होने के बाद राज्य के हजारों मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *