ताज़ा

महाशिवरात्रि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया रुद्राभिषेक

  • गोरखनाथ मंदिर समेत कई शिवालयों में की पूजा
  • On Mahashivratri, Chief Minister Yogi Adityanath Performs Rudrabhishek, Offers Prayers at Gorakhnath Temple and Other Shiva Shrines

Narad Varta, नारद वार्ता संवाददाता, लखनऊ/गोरखपुर: महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न शिवालयों में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की। राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, और भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाया।

गोरखनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक और हवन

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। उनके आनुष्ठानिक कार्यक्रमों की शुरुआत मठ के प्रथम तल स्थित शक्ति मंदिर में भगवान शंकर के रुद्राभिषेक से हुई। इस दौरान मठ के पुरोहितों और वेदपाठी ब्राह्मणों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी मंत्रों से अभिषेक संपन्न कराया। मुख्यमंत्री ने इसके बाद हवन और आरती कर चराचर जगत के कल्याण के लिए भगवान महादेव से प्रार्थना की। यह संपूर्ण अनुष्ठान दो घंटे से अधिक समय तक चला।

गोरखनाथ मंदिर के बाद मुख्यमंत्री ने अंधियारीबाग स्थित प्राचीन मानसरोवर शिव मंदिर, राजघाट स्थित मुक्तेश्वरनाथ मंदिर और झारखंडी स्थित झारखंडी महादेव मंदिर का भ्रमण किया। इन शिवालयों में उन्होंने भगवान भोलेनाथ का दर्शन, पूजन व जलाभिषेक कर प्रदेश के सुख-समृद्धि की कामना की।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर दिया निर्देश

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर परिसरों में सुरक्षा, सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने शिवालयों में आए श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और उनकी कुशलक्षेम भी पूछी।

नाथ परंपरा में शिव की विशेष मान्यता

नाथ संप्रदाय में गुरु गोरखनाथ को भगवान शिव का अवतार माना जाता है। इसी परंपरा के तहत गोरखनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि के दिन विशेष अनुष्ठानों का आयोजन होता है। गोरखनाथ मंदिर के मूल में लोक कल्याण एवं लोक मंगल की भावना निहित है, और इसी कारण यह पर्व गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के लिए विशेष महत्व रखता है।

राजधानी लखनऊ में भी भक्ति का माहौल

लखनऊ में भी महाशिवरात्रि पर भक्तों की लंबी कतारें शिव मंदिरों के बाहर देखने को मिलीं। बड़ा शिवाला, कोनेश्वर महादेव, मनकामेश्वर महादेव, बटेश्वर महादेव जैसे प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। शहर के प्रमुख शिवालयों में घंटा-घड़ियालों की गूंज और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *