आजाद मैदान में होलिकोत्सव में विश्व शांति के लिए पंचकल्याणक महापूजा
- उड़ान संस्था का दो दिवसीय आयोजन 3–4 मार्च को
- आस्था और साहित्य का होगा संगम
प्रीती पांडेय, नारद वार्ता संवाददाता, मुंबई:
महानगर की प्रतिष्ठित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था उड़ान द्वारा 3 और 4 मार्च को आजाद मैदान में 28वां होलिकोत्सव आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय इस आयोजन में आस्था, साहित्य और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
संस्था के अध्यक्ष कवि युगराज जैन एवं संयोजक सुरेश जैन ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उड़ान अपने 28वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है और निरंतर साहित्य सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रही है। उन्होंने कहा कि होलिकोत्सव संस्था की सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुका है।
कार्यक्रम के पहले दिन 3 मार्च को प्रातः 8 बजे से विश्वशांति एवं प्राणीमात्र के कल्याण हेतु पंचकल्याणक महापूजा का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह आध्यात्मिक अनुष्ठान समाज में शांति, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। दूसरे दिन 4 मार्च को शाम 5 बजे होली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन होगा। देश के विभिन्न प्रांतों से आमंत्रित वरिष्ठ एवं लोकप्रिय कवि अपनी हास्य-व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को सराबोर करेंगे।
आयोजकों का कहना है कि यह होलिकोत्सव केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि सांस्कृतिक समरसता, साहित्यिक ऊर्जा और राष्ट्रीय एकता का सशक्त मंच है, जहां समाज के विभिन्न वर्ग एक साथ आकर भाईचारे और प्रेम का संदेश देते हैं।
